Breaking News
WhatsApp Image 2022 06 02 at 8.59.28 PM

स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद सीतापुर में समीक्षा बैठक कर जनपद में संचालित बाढ़ संबंधी कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद सीतापुर में समीक्षा बैठक कर जनपद में संचालित बाढ़ संबंधी कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

समस्त कार्यों को 30 जून तक अवश्य पूर्ण करा लिया जाये

लखनऊ 2 जून 2022।

 

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियन्त्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग) मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज जनपद सीतापुर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान जनपद में संचालित बाढ़ संबंधी कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने प्रशासन एवं सिंचाई विभाग द्वारा अभी तक की गयी तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने कड़े निर्देश दिये कि सभी कार्यों को 30 जून तक अवश्य पूर्ण करा लिया जाये।

जलशक्ति मंत्री ने सभी अधिकारियों को पूर्ण मनोयोग से कार्यों को करने, नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने एवं अधीनस्थों के कार्यों की समीक्षा किये जाने हेतु भी प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यों को प्रभावी रूप से समय से निष्पादित कराये जाने हेतु कार्ययोजना बनाकर कार्य प्रारम्भ कराया जाये, समय-समय पर मानीटरिंग की जाये एवं कार्य पूर्ण होने पर समीक्षा भी अवश्य की जाये। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने अधीनस्थों से नियमित रूप से संवाद अवश्य करें एवं उनके दायित्वों के विषय में उन्हें अवगत कराकर कार्यों को पूर्ण किये जाने हेतु प्रोत्साहित भी करें।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी सीतापुर ने बाढ़ से पूर्व प्रशासन द्वारा की गयी तैयारियों के विषय में बताते हुये कहा कि जनपद में तीन तहसीलें बिसवां, महमूदाबाद एवं लहरपुर बाढ़ से प्रभावित हैं जिनमें राजस्व विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों द्वारा भी बाढ़ के दृष्टिगत आवश्यक कार्य कराये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के अन्तर्गत बाढ़ राहत सेल एवं कन्ट्रोल रूम की स्थापना के साथ-साथ राहत, खोज एवं बचाव के कार्यों हेतु संबंधित विभागों से निरन्तर समन्वय एवं संवाद किया जा रहा है। सूचना प्रसार सेल, चिकित्सा सेल एवं राहत वितरण हेतु समिति के गठन के साथ-साथ इनके नोडल अधिकारियों की तैनाती भी कर दी गयी है। अन्तर्विभागीय समन्वय स्थापित किये जाने के साथ-साथ गांवों की साफ-सफाई एवं राहत शिविरों की स्थापना हेतु भी संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। बाढ़ चौकियों एवं राहत शिविरों की स्थापना हेतु स्थलों का चयन उपजिलाधिकारियों के माध्यम से कराया जा चुका है। गांवों में ग्राम आपदा प्रबंधन समिति के गठन के साथ-साथ उनकी नियमित बैठकें आयोजित करायी जा रही है।

गांवों में लोगों को जागरूक किये जाने के साथ-साथ क्लोरीनेशन आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। नाव, मोटर वोट एवं गोताखोरों के विवरण को भी सूचीबद्ध किया जा चुका है, जिससे आवश्यकतानुसार इनका उपयोग किया जा सके। उन्होंने मा0 मंत्री जी को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का शतप्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जायेगा। उपजिलाधिकारी लहरपुर, उपजिलाधिकारी बिसवां एवं उपजिलाधिकारी महमूदाबाद ने भी तहसील स्तर पर किये गये कार्यो के विषय में जानकारी दी।
बैठक के दौरान विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव, प्रमुख अभियन्ता परिकल्प एवं नियोजन एन0सी0 उपाध्याय, पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक आर0पी0 सिंह, अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 मधु गैरोला, उपजिलाधिकारी बिसवां पी0एल0 मौर्य, उपजिलाधिकारी महमूदाबाद दिव्या ओझा, उपजिलाधिकारी लहरपुर अनुपम मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार प्रसाद, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी प्रभात कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता शारदा नहर विशाल पोरवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

जल शक्ति मंत्री ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा

जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने महमूदाबाद, जनपद सीतापुर के नूरपुर स्थित शारदा नहर पुल के पास निरीक्षण कर नहर विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नहर की सफाई, नहर पटरी की सफाई के कार्यों को समय से पूर्ण करायें। जिसके बाद जलशक्ति मंत्री रामपुर मथुरा पहुँचे जहाँ उन्होंने बाढ़ प्रभावित गांवों अखरी, अंगोरा में घाघरा नदी के तटबन्ध का निरीक्षण कर सिचाई विभाग के सम्बंधित अधिकारियों को तटबन्ध सम्बंधित सभी तैयारियों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। रेउसा ब्लाक के बाढ़ व कटान प्रभावित ग्राम पंचायत गौलोककोंडर पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कटान पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्राम पंचायत गोलोककोंडर के दुर्गा पुरवा पहुंचे जल शक्ति मंत्री ने वहां बनाए जा रहे स्टड कार्य को देखा सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों को 21 जून तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जल शक्ति मंत्री ने कटान से विस्थापित हुए ग्रामीणों से भी मुलाकात की उनसे उनका हाल जाना।
जलशक्ति मंत्री ने इसके उपरांत तहसील सिधौली स्थित बसंतपुर माइनर के निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग द्वारा कराये गये कार्यों को देखा एवं किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुये सुचारू रूप से सिंचाई हेतु जलापूर्ति किये जाने हेतु आवश्यक निर्देश दिये।

About IBN NEWS

At IBN24x7NEWS, we are dedicated to delivering accurate, unbiased, and timely news to our readers. Our goal is to provide fact-based journalism that keeps you informed about the latest developments across India and beyond.

Check Also

IMG 20260705 WA0000

साइबर टीम द्वारा साइबर ठगी की धनराशि 19,500 रूपये पीड़ित के खाता में कराया गया वापस

मीरजापुर। आवेदक विधानन्द पुत्र दशरथ निवासी मदारपुर थाना अहरौरा जनपद मीरजापुर द्वारा अपने साथ हुई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *