अयोध्या ब्यूरो – कामता शर्मा
अयोध्या। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शुक्रवार को अपनी पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। वे अयोध्या आने वाले पहले विदेशी प्रधानमंत्री बन गए हैं।
सुबह आगमन के बाद पीएम तोबगे ने लगभग दो घंटे राम मंदिर परिसर में समय बिताया और रामलला के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और मंदिर ट्रस्ट से इसकी जानकारी प्राप्त की।
सूत्रों के अनुसार, अपने लगभग चार घंटे के अयोध्या प्रवास में उन्होंने हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया। उनके सम्मान में विशेष दोपहर भोज का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के मंत्री भी शामिल हुए। दर्शन-पूजन के बाद भूटानी प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
अयोध्या हवाईअड्डे पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री कार्यालय स्वयं पूरे कार्यक्रम की निगरानी कर रहे थे।
भूटान पीएम का यह दौरा भारत-भूटान के सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों की गहराई को दर्शाता है और अयोध्या के लिए यह ऐतिहासिक पल साबित हुआ है।