अयोध्या ब्यूरो – कामता शर्मा
अयोध्या। जनपद अयोध्या के विकासखंड रुदौली अंतर्गत ग्राम पंचायत कैथी/सल्लाहपुर गांव में अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। यह घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है। मगरमच्छ गांव के गरीब परिवार गुड्डू के घर के पास दिखाई दिया, जहां उनके छोटे-छोटे बच्चे और बकरियां रहती हैं।
ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन वन विभाग की लापरवाही साफ नजर आई। ग्रामीणों के अनुसार, सूचना मिलने के बावजूद बीट प्रभारी अपने बनमली के साथ शाम करीब 5 बजे मौके पर पहुँचे और मगरमच्छ देखकर बिना किसी कार्यवाही के वापस लौट गए।
गांव के लोग लगातार डर और सहम के माहौल में जी रहे हैं क्योंकि नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है और गांव के चारों तरफ पानी भरा है। ऐसे में यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि मगरमच्छ कब और कहां निकल आए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग और रुदौली प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण गांव में दहशत व्याप्त है। वहीं, उप जिलाधिकारी रुदौली से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, फोन रिसीव हुआ लेकिन तुरंत कट गया।
ग्रामीण अब प्रशासन और वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।