फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल एवं भोजपुरी अवधी समाज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को डबुआ कॉलोनी स्थित भोजपुरी अवधी समाज परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लिया।
शिविर में हृदय रोग,हड्डी एवं जोड़,मस्तिष्क एवं स्पाइन,किडनी,पेट,लिवर एवं आंत संबंधी बीमारियों की जांच की गई। इसके अलावा मरीजों की शुगर,बीपी,बीएमडी,ईसीजी जैसी जरूरी जांचें भी नि:शुल्क की गईं। शिविर में आए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में जानकारी देकर जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
एकॉर्ड सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार और बेहतर जीवन शैली अपनाने के लिए जागरूक किया। शिविर में कई लोगों ने रियायती दर पर फाइब्रोस्कैन जांच का भी लाभ उठाया।
हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.ऋषि गुप्ता ने कहा कि गर्मी और तनाव के कारण हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। नियमित जांच,संतुलित खानपान और व्यायाम से दिल को स्वस्थ रखा जा सकता है। वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.सिम्मी मनोचा ने लोगों को गर्मियों में खास सावधानी बरतने की सलाह दी।
मस्तिष्क एवं स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ.रोहित गुप्ता ने बताया कि गर्मी में डिहाइड्रेशन और अनियमित दिनचर्या से न्यूरोलॉजिकल समस्याएं बढ़ सकती हैं। पर्याप्त पानी पीना और शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। स्वस्थ रहने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। डॉ.संदीप घोष ने कहा कि इस मौसम में हीट स्ट्रोक का खतरा ज्यादा रहता है।
इसलिए जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। पेट,लिवर एवं आंत रोग विशेषज्ञ डॉ.आरसी सोनी ने कहा कि बाहर का तला-भुना और अस्वच्छ भोजन पेट व लिवर की बीमारियों का बड़ा कारण बन रहा है। साफ-सुथरा और संतुलित भोजन अपनाना चाहिए।
डॉ.अमित सुहेल ने बाहर का खानपान कम खाने की सलाह दी। हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ.राकेश कुमार ने कहा कि लंबे समय तक बैठकर काम करने और कैल्शियम की कमी से जोड़ों की समस्याएं बढ़ रही हैं। समय पर जांच और सही दिन चर्या जरूरी है।