फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:शहर को कचरा संवेदनशील स्थलों से मुक्त करने के लिए शुक्रवार को बुढ़ैना से GVP मुक्त अभियान की शुरुआत हुई। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अभियान का शुभारंभ किया और स्वयं सफाई अभियान में शामिल होकर स्वच्छ एवं सुंदर फरीदाबाद का संदेश दिया। 2 से 11 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में उन स्थानों को चिन्हित किया जाएगा,जहां बार-बार कचरा जमा होता है।
ऐसे Garbage Vulnerable Points (GVP) की नियमित सफाई के साथ निगरानी,उचित कचरा निस्तारण और जरूरत के अनुसार सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। विपुल गोयल ने कहा कि किसी स्थान से एक बार कचरा उठा देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। असली बदलाव तब आएगा,जब लोगों की आदत और जिम्मेदारी बदलेगी।
उन्होंने नागरिकों से घर का कचरा सड़क,खाली प्लॉट या सार्वजनिक स्थानों पर न डालने और निर्धारित कूड़ा गाड़ी को ही देने की अपील की। उन्होंने कहा कि साफ किए गए GVP पर पौधरोपण,दीवारों पर चित्रकारी और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे,ताकि गंदगी के लिए पहचाने जाने वाले स्थान स्वच्छता के उदाहरण बन सकें।
कैबिनेट मंत्री ने सफाई मित्रों को“स्वच्छ फरीदाबाद के असली सिपाही”बताते हुए कहा कि उनका सम्मान और सहयोग हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 11 अक्टूबर को अभियान समाप्त हो सकता है,लेकिन स्वच्छता का संकल्प नहीं। कार्यक्रम में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी,नगर निगम अधिकारी,पार्षद,सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।