फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:खेड़ी पुल स्थित छठ घाट पर सोमवार सुबह छठ महापर्व के समापन पर आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला। सुबह होने से पहले ही व्रती और श्रद्धालु घाट पर पहुंचने लगे।
उगते सूर्य की पहली किरण के साथ व्रतियों ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और छठी मइया की पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।
घाट पर बजते पारंपरिक गीतों और गूंजते जयकारों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। अधिवक्ता एवं समाजसेवी पं.मोहन तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।
सूर्यदेव की उपासना हमें अनुशासन,संयम और सकारात्मक जीवन का संदेश देती है। उन्होंने बताया कि वह पिछले लगभग 12 से 14 वर्षों से लगातार छठ का व्रत कर रहे हैं। पं.मोहन तिवारी के अनुसार छठ की खासियत यह है कि इसमें समाज के सभी वर्गों के लोग मिल-जुलकर पर्व मनाते हैं।
पूजा और घाटों की व्यवस्था में लोगों का आपसी सहयोग सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने की अपील की।