फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:छठ महापर्व के पावन अवसर पर फरीदाबाद के पूर्वांचलवासियों और छठ व्रतधारियों को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने विशेष सौगात दी है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की पहल पर फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई एवं नवीनीकरण के कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ,बेहतर और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है,ताकि वे पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था,परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। पूर्वांचल समाज के लोग इस पर्व को अत्यंत श्रद्धा और समर्पण के साथ मनाते हैं। फरीदाबाद में रहने वाले पूर्वांचलवासी शहर की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं।
उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना और पर्व के अवसर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की पहल पर विधानसभा क्षेत्र के बराही तालाब,ओल्ड़ फरीदाबाद,खेड़ी पुल,सेक्टर-29 नया पुल,सेक्टर-8 बाई पास स्थित कालीबाड़ी मंदिर छठ घाट,पटेल नगर झुग्गी,सेक्टर-4,संत नगर,कृष्णा कॉलोनी,मिल्हार्ड कॉलोनी तथा श्रद्धा मंदिर के पास कच्चा खेड़ी रोड (डेरी योजना) सहित विभिन्न प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई एवं नवीनीकरण के कार्य कराए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं,बल्कि स्वच्छता,अनुशासन,प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला महापर्व है।
इस पर्व में व्रतधारी कई दिनों तक कठिन नियमों का पालन करते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में घाटों का स्वच्छ और व्यवस्थित होना श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ उनकी आस्था के सम्मान से भी जुड़ा हुआ है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि उनका प्रयास है कि फरीदाबाद में रहने वाले प्रत्येक समाज और वर्ग को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के निर्वहन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें। छठ महापर्व पर पूर्वांचल समाज के लोगों को स्वच्छ एवं बेहतर घाट उपलब्ध कराना इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
अंत में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सभी छठ व्रतधारियों और पूर्वांचलवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने श्रद्धालुओं से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील भी की।