संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर स्वयंसेवकों ने किया आद्य सरसंघचालक व गुरुजी को सामूहिक प्रणाम
मीरजापुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में नव वर्ष प्रतिपदा उत्सव एवं संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आद्य सरसंघचालक प्रणाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर के नई बाजार स्थित लार्ड शिवा एकेडमी विद्यालय, अहरौरा से भव्य पथ संचलन निकाला गया।
घोष वादन के साथ स्वयंसेवकों ने संगठित रूप से कदमताल करते हुए आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव राव बलिराम हेडगेवार को सामूहिक रूप से प्रणाम किया। तत्पश्चात भगवा ध्वज आरोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सह प्रांतीय कार्यवाह डॉ. राकेश उपस्थित रहे। मंचासीन विशिष्ट अतिथियों में विभाग पर्यावरण प्रमुख गोविंद श्रीवास्तव, जिला प्रचारक आलोक कुमार, जिला कार्यवाह रामबालक, जिला बौद्धिक प्रमुख कलाधर एवं नगर संघचालक सत्यनारायण सम्मिलित रहे। सभी गणमान्य व्यक्तियों ने आद्य सरसंघचालक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके पश्चात स्वयंसेवकों को प्रांतीय कार्यवाह डॉ. राकेश का प्रेरणादायक पाथेय प्राप्त हुआ। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि संघ साधारण व्यक्ति को योग्य बनाता है, लेकिन किसी को व्यक्तिपूजा का केंद्र नहीं बनाता। कार्यकर्ता आजीवन विचारधारा के मार्ग पर चलता है, जहां उसका एकमात्र मार्गदर्शक भगवा ध्वज होता है।
इस भव्य पथ संचलन के दौरान नगरवासियों ने स्वयंसेवकों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।