मीरजापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में पुलिस व मद्यनिषेध विभाग वाराणसी की संयुक्त टीम द्वारा जीडी बिनानी पीजी कॉलेज मीरजापुर में “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण समारोह से हुई, जिसमें छात्रों और शिक्षकों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। इस दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई, ताकि वे नशे से जुड़ी किसी भी समस्या में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
अधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए नशे के शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी गहरा नकारात्मक प्रभाव डालता है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज में भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
-
निबंध प्रतियोगिता में रेनू दुबे (बीए तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
-
चित्रकला प्रतियोगिता में तृप्ति दुबे (बीकॉम तृतीय सेमेस्टर) प्रथम रहीं।
-
भाषण प्रतियोगिता में अदिति तिवारी (बीए तृतीय सेमेस्टर) ने पहला स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर उप क्षेत्रीय मद्यनिषेध अधिकारी वाराणसी राकेश रोशन, कॉलेज प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह, और नारकोटिक्स प्रभारी गणेश नारायण शुक्ला उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।