चुनार, मीरजापुर। तहसील क्षेत्र के सिकिया मोड़ से टेड़ूआ बाबा मंदिर के बीच स्थित सड़क पर गड्ढे के कारण आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए हिंदू युवा वाहिनी के जिला उपाध्यक्ष गौरी शंकर सिंह ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा को एक पत्रक सौंपा।
गौरी शंकर सिंह ने बताया कि यह मार्ग नरायनपुर से शक्तिनगर मार्ग को जोड़ने वाला उत्तर प्रदेश राज्य मार्ग का हिस्सा है, जो कई वर्षों से अत्यधिक जर्जर अवस्था में है। सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह टूटा हुआ है, जबकि दूसरा हिस्सा बेहद सकरा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग लगभग बारह वर्षों से बिना मरम्मत के पड़ा है, जिसके चलते यहां अनेक जानलेवा दुर्घटनाएं घट चुकी हैं।
स्थानीय निवासियों ने इस खतरनाक स्थल को अब “डेथ पॉइंट” का नाम दे दिया है।
गौरी शंकर सिंह ने बताया कि पिछले बारह सालों में इस मार्ग पर सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन या टोलवेज अथॉरिटी की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है कि जनहानि को रोका जाए, परंतु न तो वहां कोई बैरिकेडिंग की गई है, न ही सुरक्षा बल की तैनाती।
यदि बैरिकेडिंग की गई होती या चेतावनी संकेत लगाए गए होते, तो कई दुर्घटनाएं टाली जा सकती थीं।
पत्रक में यह भी उल्लेख किया गया कि अब तक टोलवेज अथॉरिटी द्वारा सांकेतिक बोर्ड, रेडियम स्टीकर या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाए गए हैं, जो कि घोर लापरवाही का उदाहरण है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि—
-
मौके पर तत्काल बैरिकेडिंग की जाए।
-
पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
-
क्षतिग्रस्त सड़क हिस्से पर चेतावनी बोर्ड और रेडियम स्टीकर लगाए जाएं।
-
दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र को चिन्हित कर सड़क सुरक्षा संकेत लगाए जाएं।
गौरी शंकर सिंह ने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते कदम नहीं उठाता, तो हिंदू युवा वाहिनी सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाएगी।