टीम आईबीएन न्यूज़
ब्यूरो रिपोर्ट
गाज़ीपुर, 14 सितम्बर। जखनिया बाज़ार स्थित शिव मंदिर परिसर में कम्युनिस्ट पार्टी के तत्वाधान में एक जनसभा आयोजित हुई। सभा को संबोधित करते हुए पार्टी राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका सिंह यादव ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि “महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी चरम पर है। सरकार की नीतियाँ पूरी तरह कॉर्पोरेट घरानों के पक्ष में हैं। इन नीतियों का सीधा असर किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्रों और युवाओं पर पड़ रहा है। देश के नागरिकों से वसूले गए टैक्स से भरा सरकारी खजाना बैंकों में है, लेकिन उस पर पूंजीपतियों का कब्ज़ा है और यह सब सरकारी संरक्षण में हो रहा है। आम आदमी का जीवन तबाह हो चुका है। जब तक बिना मेहनत करने वालों का राज चलता रहेगा, तब तक समाधान संभव नहीं है।”
सभा में जिला सचिव जनार्दन राम ने जिला प्रशासन पर बेलगाम कार्यशैली का आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने संघर्ष को तेज़ करने का आह्वान किया।
मार्क्सवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय बहादुर सिंह ने कहा कि वोट की चोरी से बनी सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।
सभा को सहसचिव राम अवध, सुरेंद्र राम, वीरेंद्र बनवासी, राम अवध मास्टर, फूल मैन, अम्बिका चौहान, हरी चौहान समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। सभी ने मिलकर कहा कि “संविधान और लोकतंत्र विरोधी तानाशाह सरकार को हटाना ही होगा।”
सभा की अध्यक्षता रामजीत यादव ने की और संचालन ब्लॉक मंत्री रामजन्म राम ने किया।