मवई, अयोध्या: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने आज दिनांक 12 अप्रैल 2025 को मवई, अयोध्या में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम तथा भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि सरकार किस तरह से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचा रही है।
भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं – बृजेश पाठक
श्री पाठक ने कहा,
“भाजपा की कथनी और करनी में तनिक भी संदेह नहीं है। हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर पूरी तरह वचनबद्ध हैं।”
उपलब्धियों की सूची में शामिल थीं प्रमुख योजनाएं:
-
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के घर
-
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि
-
हर घर शौचालय योजना
-
डोर टू डोर शुद्ध पेयजल आपूर्ति
-
निःशुल्क बिजली कनेक्शन
-
अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्ड के माध्यम से निःशुल्क राशन
-
सरकारी विद्यालयों में निःशुल्क मिड-डे मील, पुस्तकें और यूनिफॉर्म
विपक्ष पर तीखा हमला
बृजेश पाठक ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि
“अब परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति नहीं चलेगी। जनता अब विकास चाहती है, ना कि वादों के झूठे पुलिंदे।”
जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
इस कार्यक्रम में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव, मां कामाख्या भवानी धाम नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव कुमार तिवारी, खुन्नू पांडे, निर्मल शर्मा समेत कई भाजपा पदाधिकारियों ने भी जनसभा को संबोधित किया और सरकार की उपलब्धियों का बखान किया।
स्वागत समारोह और यात्रा क्रम
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद रेछघाट पुल के समीप श्री पाठक का भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। इसके बाद मां गुरु देवी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उमापुर में भी उनके स्वागत में आयोजन हुआ। तत्पश्चात वे बाबा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और फिर मां कामाख्या भवानी धाम के लिए दर्शनार्थ रवाना हुए। इसके साथ ही उन्होंने सुनवा नगर पंचायत में भी ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम में भाग लिया।