मुदस्सिर हुसैन IBN NEWS
1649 लोगों की नेत्र जांच, 48 मोतियाबिंद रोगियों का होगा नि:शुल्क ऑपरेशन
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के लौहपुरुष, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय चंद्रभानु गुप्ता जी की 124वीं जयंती के अवसर पर समाजसेवी संस्था कल्याणम करोति द्वारा एक सप्ताह तक चलने वाले विशेष नेत्र परीक्षण एवं परामर्श शिविरों का आयोजन किया गया। यह शिविर “हर बच्चा देखे उज्ज्वल भविष्य” अभियान के अंतर्गत 14 जुलाई से 19 जुलाई 2025 तक चयनित विद्यालयों में लगाए गए।
श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय की टीम ने की जांच
शिविर का संचालन श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, अयोध्या की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा किया गया। इन शिविरों में कुल 1649 छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों का नि:शुल्क नेत्र परीक्षण किया गया।
इनमें से 48 मोतियाबिंद से पीड़ित रोगियों को चिन्हित किया गया है, जिनका ऑपरेशन श्रद्धेय गुप्ता जी की पुण्य स्मृति में नि:शुल्क किया जाएगा।
‘ज्योति महायज्ञ नेत्र शिविर’ और सेवा कार्य
श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय में दो दिवसीय ‘ज्योति महायज्ञ नेत्र शिविर’ का आयोजन भी विशेष रूप से किया गया, जिसमें वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक तथा एक दिव्यांग महिला को सिलाई मशीन देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरणादायक पहल की गई।
कल्याणम करोति संस्था की प्रेरणा हैं चंद्रभानु गुप्ता
संस्था के महामंत्री राष्ट्र गौरव ने बताया कि श्रद्धेय गुप्ता जी ही संस्था कल्याणम करोति की प्रेरणा हैं। उनके निधन के पश्चात वर्ष 1981 में इस संस्था की स्थापना उनके जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने हेतु की गई। आज संस्था दिव्यांगजन सेवा, अंधता निवारण और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर समर्पित भाव से कार्यरत है।