अयोध्या ब्यूरो | कामता शर्मा
सोहावल, अयोध्या – मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील समाधान दिवस में कुल 42 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।
मुस्तफाबाद बड़ागांव निवासी फूलचंद पासी ने एसडीएम अभिषेक सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके खेतों के बगल स्थित सरकारी जमीन पर गांव की ही शहजादी नामक महिला अवैध रूप से घर बना रही है। उन्होंने शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि घर का छज्जा और नाली उनके खेतों के ऊपर से निकल रही है।
फूलचंद ने बताया कि पूर्व में तहसील दिवस और थाना दिवस में भी आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व कर्मी और सती चौरा पुलिस चौकी के अधिकारी अवैध निर्माण को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने चौकी प्रभारी एसपी सिंह और सिपाही ऋतिक राव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और उन्हें इस अवैध निर्माण का समर्थन देने का दोषी ठहराया।
इस शिकायत पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम अभिषेक सिंह ने तत्काल राजस्व कर्मियों और पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि मौके पर जाकर निरीक्षण करें। यदि महिला का निर्माण सरकारी जमीन पर हो रहा है, तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तुरंत बुलडोजर चलाया जाए।
समाधान दिवस में मौजूद अधिकारी:
इस अवसर पर तहसीलदार प्रदीप सिंह, खंड विकास अधिकारी अनुपम वर्मा, आपूर्ति निरीक्षक पूजा सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी रविता राव, सीडीपीओ डॉ. अनीता सोनकर, चौकी इंचार्ज सुचितागंज चंद्रहास मिश्र सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। हालाँकि, होली के दूसरे दिन होने के कारण कुछ अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित रहे।