मुदस्सिर हुसैन IBN NEWS
मवई अयोध्या — तहसील रुदौली के थाना बाबा बाजार की पुलिस चौकी मां कामाख्या भवानी धाम अंतर्गत ग्राम गोड़ियन पुरवा (ग्राम पंचायत बिहारा) निवासी बिरजू पुत्र अनंते निषाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर धारा 84 बीएनएसएस के तहत कुर्की का नोटिस चस्पा किया और मुनादी (डुग्गी) करवाई।
मामला क्या है?
गत 13 अक्टूबर को थाना बाबा बाजार क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी की घटना हुई थी। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम गोड़ियन पुरवा निवासी बिरजू निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम द्वारा की जा रही थी।
आरोपी अब तक फरार
पुलिस द्वारा लगातार प्रयास के बावजूद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका। इसी कारण पुलिस ने न्यायालय में आवेदन देकर कुर्की कार्रवाई की मांग की थी। अदालत ने आरोपी के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के तहत कुर्की आदेश पारित किया।
कुर्की आदेश का पालन
शनिवार को क्षेत्राधिकारी आशीष निगम, थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार आजाद तथा चौकी प्रभारी आशीष कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर कुर्की नोटिस चस्पा किया और डुग्गी पिटवाकर गांव में इसकी घोषणा भी करवाई।
थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार आजाद ने बताया कि अगर आरोपी अदालत में तय समय सीमा के भीतर पेश नहीं हुआ तो अगली कार्रवाई के तहत धारा 85 बीएनएसएस के अंतर्गत घर की सम्पत्ति को कुर्क कर लिया जाएगा।
पुलिस की चेतावनी
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अदालत के निर्देशों के मुताबिक आरोपी की सम्पत्ति जब्त की जाएगी यदि वह शीघ्र आत्मसमर्पण नहीं करता है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर संभावित प्रयास कर रही है।