मीरजापुर ब्यूरो — टीम IBN24x7News
मीरजापुर, अहरौरा।
अहरौरा-चकिया मार्ग पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब खाजगीपुर निवासी दीनालाल (45 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शंकर हरिजन मजदूरी के लिए जा रहा था और रास्ते में हाइड्रा जेसीबी वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीनालाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब चार घंटे तक अहरौरा-चकिया मार्ग पूरी तरह ठप रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना पर मौके पर तहसीलदार चुनार इवेंद्र सिंह, सीओ मड़िहान मुनेंद्र पाल सिंह, तथा कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में बात नहीं बनी। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि मृतक के भाई रमेश की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के लिए कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दुर्घटनास्थल के पास स्पीड ब्रेकर लगाया जाए और हाइड्रा चालक पर कड़ी कार्रवाई की जाए।