Ibn24×7news
महराजगंज
अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, ओडीओपी मार्जिन मनी, मिनी औद्योगिक संस्थान व महराजगंज की भूमि पैमाइश सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा अपर जिलाधिकारी द्वारा की गयी। रोजगार सृजन योजनाओं के संदर्भ में ऋण हेतु आवेदनों के निस्तारण के संदर्भ में अपर जिलाधिकारी ने बैंकों को लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का निर्देश दिया और ये भी कहा कि रोजगार संबंधी ऋण आवेदनों को बैंक आवश्यक रूप से विलंबित न रखें और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। मिनी औद्योगिक संस्थान महाराजगंज की भूमि पैमाइश के संदर्भ में अपर जिलाधिकारी ने उनकी अध्यक्षता में उद्योग विभाग व राजस्व विभाग की बैठक बुलाने का निर्देश दिया, ताकि जिला उद्योग केंद्र के नक्शे के अनुसार भूमि की पैमाइश को यथाशीघ्र पूरा करा लिया जाए। इस बाबत उपायुक्त उद्योग ने बताया कि मिनी औद्योगिक आस्थान की बाउंड्री वॉल हेतु आगणन शासन को प्रेषित कर दिया गया है, बजट मिलते ही कार्य आरम्भ करा दिया जाएगा।बैठक में उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त वाणिज्य कर आर.पी. चौरसिया उद्योग व वाणिज्य विभाग के अन्य पदाधिकारी व उद्यमी उपस्थित रहे।