Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में संभावित प्रत्याशियों और विभिन्न मुद्दों को लेकर दावों का दौर जारी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं सामने रखी हैं।
त्रिपाठी का कहना है कि यदि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो पथरदेवा सहित प्रदेश में विकास की नई शुरुआत की जाएगी। उनका जोर युवाओं को रोजगार, महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए कल्याणकारी योजनाओं तथा आम जनता को राहत देने वाली नीतियों पर रहेगा। हाल में जनचौपाल के दौरान भी उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और बालिकाओं के लिए निःशुल्क शिक्षा, साइकिल तथा कन्या विद्याधन जैसी योजनाओं को लेकर बातें रखी थीं।
सपा समर्थकों का दावा है कि पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में विकास की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं हुआ है। उनका कहना है कि सत्ता में आने के बाद क्षेत्र की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। महंगाई से राहत देने तथा जरूरतमंद वर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत करने की बात भी कही जा रही है।
ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी पहले भी पथरदेवा को तहसील का दर्जा दिलाने और युवाओं के रोजगार सहित कई स्थानीय मुद्दों को लेकर अपनी बात रख चुके हैं।
फिलहाल 2027 को लेकर पथरदेवा में भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। आने वाले समय में दोनों दलों के नेता विकास, रोजगार, महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर जनता के बीच अपनी-अपनी योजनाएं और दावे रखेंगे।