बलिया, उत्तर प्रदेश – जिले के बेल्थरा रोड स्थित बस स्टैंड से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। दो महिलाएं एक शातिर ठग का शिकार बन गईं, जिसने पहले हमदर्दी का नाटक किया और फिर पाउडर उड़ाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद ठग ने मौके का फायदा उठाते हुए महिलाओं के गहने और नकदी लेकर फरार हो गया।
हमदर्दी के बहाने बना शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड पर मौजूद दो महिलाएं किसी बस के इंतज़ार में थीं, तभी एक अनजान युवक उनके पास आकर हमदर्दी जताने लगा। उसने महिलाओं की तबीयत का हाल-चाल पूछा और फिर अचानक रुमाल फटकारते हुए उनके सामने कुछ पाउडर उड़ाया।
पाउडर की चपेट में आते ही बेहोश हुईं महिलाएं
महिलाएं पाउडर की चपेट में आते ही अर्ध-बेहोशी की स्थिति में आ गईं। इसी दौरान ठग ने मौका पाकर उनके गले के गहने, हाथ की चूड़ियाँ और थैले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। जब तक महिलाएं पूरी तरह होश में आईं, तब तक ठग मौके से रफूचक्कर हो चुका था।
वीडियो वायरल, पुलिस कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सियर पुलिस चौकी पर मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के पास लगे एक कैमरे में आरोपी की हल्की सी झलक भी दिखी है।
इस बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें आरोपी की गतिविधियों को देखा जा सकता है।
बढ़ रही हैं ऐसी घटनाएं
बलिया जिले में इस तरह की बेहोशी कर ठगी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। खासकर बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस प्रकार की वारदातें सामने आ रही हैं।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि “हम आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। जल्द ही घटना में शामिल शातिर को पकड़ लिया जाएगा।”