मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को विधायक मझवां शुचिस्मिता मौर्या के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में अत्याचारों से उत्पीड़ित अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने और वृद्धजन आश्रम पटेंगरा नाला के संबंध में समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी राम विलास यादव ने जानकारी दी कि
“अत्याचारों से पीड़ित एससी-एसटी व्यक्तियों को आर्थिक सहायता योजना के तहत कुल ₹86.220 लाख की धनराशि आवंटित हुई थी, जिसमें से ₹80.750 लाख व्यय कर 58 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की जा चुकी है।”
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जो पात्र व्यक्ति अब तक लाभ से वंचित हैं, उन्हें चिन्हित कर शीघ्र आवेदन भरवाकर योजना का लाभ दिलाया जाए।
👵 वृद्धजन आश्रम पटेंगरा नाला की समीक्षा
समीक्षा के दौरान स्वैच्छिक संस्था द्वारा संचालित वृद्धजन आश्रम पटेंगरा नाला के प्रबंधक ने बताया कि
आश्रम की कुल क्षमता 150 वृद्धजनों की है, जिसमें से 113 पंजीकृत हैं और 81 वृद्धजन वर्तमान में रह रहे हैं।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने निर्देशित किया कि —
“आश्रय स्थल में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। मेन्यू के अनुसार नाश्ता, लंच और डिनर समय से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सप्ताह में कम से कम एक दिन डॉक्टर को बुलाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।”
⚖️ निरीक्षण और जवाबदेही पर जोर
डीएम ने समिति के सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर वृद्धजन आश्रम का निरीक्षण करें और यदि कोई कमी या सुझाव हो तो उसे जिला समाज कल्याण अधिकारी को अवगत कराएं ताकि तत्काल सुधार किया जा सके।
👥 बैठक में मौजूद अधिकारी
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, परियोजना निदेशक डी.आर.डी. धर्मजीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम विलास यादव सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।