फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: सेक्टर-16 स्थित किसान भवन में जाट समाज फरीदाबाद द्वारा 79वां स्वतंत्रता दिवस बेहद धूमधाम एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर जाट समाज संस्था के महासचिव एच.एस. मलिक ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और कहा कि आज का दिन उन सभी ज्ञात-अज्ञात वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने का है जिनके कारण हम आज आजादी की हवा में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों के बारे में जागरूक कराना आवश्यक है। संस्था के कोषाध्यक्ष टी.एस. दलाल ने कहा कि यह उत्सव हमें गौरवान्वित करता है और याद दिलाता है कि हमें देशभक्ति, सेवा और संस्कारों की शिक्षा नई पीढ़ी तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को मोबाइल की लत से दूर कर खेलकूद, पुस्तक व नैतिक शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करें।
जाट समाज द्वारा सामाजिक दायित्व का उदाहरण
कार्यक्रम में जसिया (रोहतक) स्थित सर छोटूराम धाम के प्रवक्ता जगबीर सिंह सहरावत एवं उनकी टीम का समाज द्वारा विशेष स्वागत किया गया। सर छोटूराम धाम के तहत चल रहे शिक्षा संस्थान के विस्तार हेतु जाट समाज फरीदाबाद की ओर से एक कमरे के निर्माण के लिए दान राशि का ऐलान किया गया। इस अवसर पर समाज के 40 सदस्यों ने 21-21 हजार रुपये का योगदान दिया, वहीं वेदपाल दलाल ने 2 लाख 51 हजार रुपये की राशि समर्पित कर समाज की सेवा भावना का परिचय दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में बच्चों ने देशभक्ति कविताएं और गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इनके प्रस्तुतिकरण ने सम्पूर्ण वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। समाज के वरिष्ठ सदस्यों कमल चौधरी, जितेंद्र चौधरी, सूरजमल, अजय नरवत, सतपाल नरवत, सुनीता मलिक, महेंद्र श्योराण, दरयाव सिंह श्योराण, हवा सिंह ढिल्लो, ए.के. मलिक, शिवराम तेवतिया, गुलाब सिंह दहिया, महेंद्र सिंह पहल, विंग कमांडर मान, चौ. फूल सिंह, प्रेम सिंह, सुरेंद्र दहिया, सुरेंद्र डूढी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज करवाई।
समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति का संगम
एच.एस. मलिक ने समाज के सभी सदस्यों को एकजुट रहने व समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस न केवल उत्सव का दिन है बल्कि अपने कर्तव्यों का स्मरण करने का भी दिन है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और समाज सेवा एवं देशभक्ति की भावना के साथ आगे भी ऐसे आयोजनों को करने का संकल्प लिया।