नगर भ्रमण के दौरान गूंजे देशभक्ति के नारे, तिरंगे के साथ दिखा उत्साह और उमंग
तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल किया।
मीरजापुर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को अहरौरा नगर पालिका की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
नगर पालिका इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गुजरी जो श्रीरामपुर पार्क में समापन हुई। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों और नगरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा को नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब मौर्या ने नेतृत्व प्रदान किया। यात्रा के दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगे के साथ चल रहे छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रीय ध्वज, संविधान, राष्ट्र एवं स्वतंत्रता संग्राम के वीर क्रांतिकारियों और महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।
यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश केशरी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गुलाब मौर्या, अधिशासी अधिकारी अमिता सिंह, विद्यालय के प्रधानाचार्य नंदलाल दिवाकर सहित छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर सभासद कुमार आनंद, संजय पटेल, आशीष अग्रहरी, इरसाद आलम, मो. सलीम, प्रेम कुमार, दुलारे पटेल, संदेश, विकास, गुलसन बीबी, बाबूलाल तथा नामित सभासद कृष्णा तिवारी और श्वेता सिंह सहित नगर पालिका सिविल जेई दीपक यादव, जल जेई विकास बिंद, कर्मचारी लिपिक जितेन्द्र बबलू, मृत्युंजय, नीतीश, राजकुमार एवं अन्य लोग मौजूद रहे।