IBN NEWS BALLIA
बलिया: बलिया सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने विधायक निधि से प्रेस क्लब मीडिया सूचना एवं संपर्क विभाग के भवन निर्माण हेतु 22 लाख रुपए और अधिवक्ता भवन के लिए 20 लाख रुपए की धनराशि आवंटित की है।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं और पत्रकारों को जाड़ा, गर्मी और बरसात में खुले आसमान के नीचे काम करना पड़ता है। वादकारियों और अधिवक्ताओं को अब अधिवक्ता भवन में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके कार्य में सहूलियत होगी।
उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में अपर जिलाधिकारी कार्यालय के पश्चिम तरफ स्थित स्थान पर प्रेस क्लब मीडिया सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का भवन बनाया जाएगा। इस भवन के माध्यम से पत्रकार साथियों को बैठने और कार्य करने के लिए एक समुचित स्थान मिलेगा। वर्तमान में पत्रकारों को 10:30 बजे से 3-4 बजे तक पेड़ों के नीचे या मोटरसाइकिल पर बैठकर अपना संकलन, संपादन और अन्य पत्रकारिता संबंधी कार्य करने पड़ते हैं।
प्रेस क्लब भवन की स्थापना से पत्रकारिता जगत को एक नई ऊर्जा मिलेगी और वे अपने कार्यों को सुचारू रूप से संचालित कर सकेंगे। वहीं, अधिवक्ता भवन से वादकारियों और अधिवक्ताओं को भी राहत मिलेगी।
यह निर्णय अधिवक्ताओं और पत्रकारों के हित में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल उनके कार्यों में सुविधा होगी, बल्कि न्याय और सूचना प्रसार में भी गति आएगी।