खण्डासा/अयोध्या।
अयोध्या जनपद के खण्डासा थाना क्षेत्र के मानूडीह गांव का 20 वर्षीय युवक अश्वनी गुप्ता मंगलवार सुबह से रहस्यमय ढंग से लापता है। देर शाम उसकी साइकिल और चप्पल सतनापुर के पास शारदा नहर किनारे मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों और ग्रामीणों को आशंका है कि अश्वनी नहर में गिर गया होगा।
परिजनों की बढ़ी चिंता
परिवार के अनुसार अश्वनी रोज की तरह मंगलवार सुबह संतनगर बाजार गया था। जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो उठे। गांव और आसपास खोजबीन की गई लेकिन कोई खबर नहीं मिली। इसी दौरान ग्रामीणों ने नहर किनारे उसकी साइकिल और चप्पल पड़ी देखीं।
पुलिस और SDRF टीम की तलाश जारी
सूचना पर खण्डासा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश शुरू कराई, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की विशेष टीम को बुलाया गया। बुधवार सुबह से टीम ने कई किलोमीटर तक नहर की तलाशी ली, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली।
प्रशासन का बयान
सीओ श्रीयस त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना प्रबल है कि युवक नहर में गिरा हो। मौके से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभावना पर काम कर रही है और युवक की तलाश में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
गांव में चिंता और दहशत
युवक के लापता होने की खबर ने पूरे मानूडीह गांव को बेचैन कर दिया है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे जुटे हुए हैं और तलाशी अभियान में मदद कर रहे हैं। दूसरी ओर अश्वनी के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन लगातार पुलिस और SDRF टीम के संपर्क में हैं और सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।