अयोध्या ब्यूरो कामता शर्मा
अयोध्या: जिले में ड्रोन और चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने लोगों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने कहा कि शहर में फैलाई जा रही अफवाहों से माहौल बिगड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति ड्रोन संचालन अवैध है। चाहे वह पेशेवर ड्रोन हो या ऑनलाइन खरीदे गए उड़ने वाले खिलौने, यदि अनुमति के बिना उड़ाए जाते हैं तो यह कानूनन अपराध है।
उन्होंने बताया कि डायल 112 पर चोरी और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जो सूचनाएं मिल रही हैं, उनकी जांच में अधिकांश मामले अफवाह और भ्रम निकले हैं। एसएसपी ने लोगों को चेताया कि इस तरह की गलत जानकारी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने दी चेतावनी
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने भी आम जनता से अफवाहों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि भय और अफवाहें समाज में अशांति फैलाती हैं। प्रशासन हर सूचना की गंभीरता से जांच करता है, लेकिन गलत जानकारी देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई तय है।
प्रशासन की अपील
-
लोग अफवाहों पर विश्वास न करें।
-
ड्रोन या उड़ने वाले खिलौने बिना अनुमति न उड़ाएं।
-
संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, लेकिन झूठी जानकारी न दें।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखा जा सके।