Ibn news Team DEORIA
दिनेश गुप्ता

देवरिया। विधानसभा क्षेत्र 338 पथरदेवा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने क्षेत्र में जनसंपर्क करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा के कार्यों का हिसाब लेगी और चुनाव के बाद भाजपा का रंग उदास हो जाएगा। ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा की राजनीति हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास और जनकल्याण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर तस्वीर अलग दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि कागजों पर योजनाओं और विकास कार्यों को दिखाने से आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।
पूर्व मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सड़क, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और किसानों से जुड़ी अनेक समस्याएं मौजूद हैं। जनता इन समस्याओं का स्थायी समाधान चाहती है। उन्होंने कहा कि सरकार को धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों के बजाय आम लोगों की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है। चुनाव के समय मतदाता सरकार के कार्यों और अपने क्षेत्र की स्थिति का मूल्यांकन करता है। पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र की जनता भी आगामी चुनाव को लेकर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता अपने मुद्दों के आधार पर अपना निर्णय करेगी।
ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुन रही है। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय जनता के मुद्दों की राजनीति का होगा।
जनसंपर्क एवं कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। विधानसभा क्षेत्र में चुनावी गतिविधियां बढ़ने के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होता जा रहा है।