टीम आइबीएन न्यूज़
ब्यूरो रिपोर्ट
गाजीपुर।
उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग मंत्री संजय निषाद ने मंगलवार को जनपद गाजीपुर का दौरा किया और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विकास खंड करंडा के ग्राम महबलपुर एवं तहसील जमानियां के कई प्रभावित गांवों का भ्रमण किया।
मंत्री संजय निषाद ने पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विकास खंड जमानियां के ग्राम धुसका, पटकनियां और गढ़हा नंबर-96 में 100 बाढ़ पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की। राहत सामग्री में भोजन, पानी, लंच पैकेट, दवाइयां तथा पशुओं के लिए चारा-भूसा शामिल था।
संजय निषाद ने कहा कि,
“सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक बिना किसी विलंब के सहायता पहुंचे। राहत कार्य पूरी पारदर्शिता और मानवीय संवेदना के साथ संचालित हो रहे हैं ताकि कोई भी पीड़ित उपेक्षित न रहे।”
उन्होंने ग्रामवासियों से राहत सामग्री व अन्य सुविधाओं की जानकारी भी ली और आश्वस्त किया कि हर परिवार तक समय से सहयोग पहुंचेगा।
जनपद भ्रमण के बाद संजय निषाद ने लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने जीएसटी दरों, राजनीतिक मुद्दों और विपक्ष की नीतियों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां सदैव जनकल्याणकारी रही हैं, जिसमें गरीबों को ध्यान में रखकर कई वस्तुओं को टैक्स फ्री किया गया है और कई स्लैब घटाए गए हैं।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर रवीश गुप्ता, उप जिलाधिकारी जमानियां ज्योति चौरसिया, तहसीलदार सदर एवं जमानियां, नायब तहसीलदार सदर व जमानियां, खंड विकास अधिकारी करंडा व जमानियां सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।