फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं शांति के लिए सवा लाख गायत्री महायज्ञ, गायत्री मंत्र जाप, ध्यान एवं योग साधना शिविर, भजन और सत्संग कार्यक्रम का आयोजन आर्य समाज एवं ओम योग संस्थान, गांव पाली में किया गया।
गायत्री महायज्ञ एवं सामवेद पारायण यज्ञ में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह ने भाग लिया और हवन कुंड एवं अग्नि देवता को नमन किया।
इस अवसर पर उन्होंने यज्ञ के ब्रह्मा पूज्य स्वामी देवव्रत सरस्वती से आशीर्वाद लिया और कहा कि ओम योग संस्थान नई पीढ़ी को धर्म और वैदिक संस्कृति से जोड़ने का अद्भुत कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान न केवल शिक्षा देता है बल्कि बच्चों के चरित्र, मानसिक, शारीरिक और आत्मिक विकास पर भी विशेष ध्यान देता है।
विजय प्रताप ने कहा कि स्वामी जी का हर शब्द महापुरुषों का सार है और उनके सान्निध्य में जीवन को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।
स्वामी देवव्रत सरस्वती ने बताया कि सामवेद में देवताओं की स्तुति से जुड़े वे मंत्र शामिल हैं जिन्हें यज्ञों और अनुष्ठानों के दौरान गाया जाता है। ‘साम’ का अर्थ है गीत और ‘वेद’ का अर्थ ज्ञान, इसलिए सामवेद को गीतों का वेद भी कहा जाता है।
ओम योग संस्थान ट्रस्ट में आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न समाचार पत्रों के पत्रकारों ने भाग लिया और वार्षिक उत्सव की तैयारियों की जानकारी साझा की गई।
आज के गायत्री एवं सामवेद पारायण महायज्ञ में सुशील शास्त्री, रघुवीर शास्त्री, देवराज योगाचार्य, आनंद शर्मा (पानीपत), राजकुमार (महेंद्रगढ़) और हरीबाबू यादव ने भाग लिया।
ओम योग संस्थान ट्रस्ट, पाली फरीदाबाद, अपने 27वें वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य में 9 नवंबर से सवा लाख गायत्री महायज्ञ, सामवेद पारायण यज्ञ, मंत्र जाप, ध्यान, योग साधना शिविर, भजन और सत्संग का आयोजन कर रहा है।
इस अनुष्ठान की पूर्णाहुति 16 नवम्बर 2025 को 24-कुंडीय गायत्री महायज्ञ और सामवेद पारायण यज्ञके साथ होगी।