अहरौरामीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रहा एक हाईवा ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा।
हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे में ट्रक चालक आलोक कुमार पासवान (35 वर्ष), निवासी शिकारगंज, चकिया, जनपद चंदौली गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक केबिन में फंस गया था, जिसे निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर और अत्याधुनिक मशीनों की मदद लेनी पड़ी।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
दो अन्य लोगों की जान बची
ट्रक में सवार दो अन्य लोग इस हादसे में बाल-बाल बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा ट्रक की तेज रफ्तार और अनियंत्रित ड्राइविंग की वजह से हुआ।
पुलिस ने किया राहत व बचाव कार्य
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पीआरबी पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए भेजा।
रेस लगा रहे थे दो ट्रक – ग्रामीणों का आरोप
थाना प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार दो ट्रक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराया और गड्ढे में जा गिरा। हादसे में चालक का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया।
वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।