मीरजापुर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों के धान की पारदर्शी व सुचारू खरीद सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल राजेश प्रकाश ने सोमवार को जंगी रोड स्थित मंडी समिति में संचालित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान क्रय नीति के प्रत्येक बिंदु का पूर्ण पालन किया जाए और किसानों को किसी भी स्तर पर असुविधा न होने पाए।
मंडलायुक्त सबसे पहले भारतीय खाद्य विभाग द्वारा संचालित प्रथम क्रय केंद्र पर पहुंचे, जहां केंद्र प्रभारी अजय कुमार उपस्थित मिले। निरीक्षण में झन्ना (डबल जाली), दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, सुरक्षित भंडारण व्यवस्था, बैनर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। केंद्र प्रभारी ने जानकारी दी कि इस केंद्र का लक्ष्य 2500 कुंतल धान खरीद का है, जबकि अब तक 56 कुंतल खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हाल में हुई बारिश के कारण धान की आवक कम रही है, जिस कारण आज खरीद नहीं हो सकी।
इसके बाद मंडलायुक्त दूसरे क्रय केंद्र पर पहुंचे जहाँ प्रभारी प्रियंका दूबे ने बताया कि धान का आगमन अभी प्रारंभ नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर बोरा, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य आवश्यक उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
इसी मंडी परिसर में राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद द्वारा संचालित तीसरे केंद्र पर पहुचें, जहाँ केंद्र प्रभारी आकाश मिश्रा ने बताया कि यहाँ अब तक 37.20 कुंतल धान की खरीद हो चुकी है तथा केंद्र पर सभी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मंडलायुक्त ने दिए महत्वपूर्ण निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए—
-
धान का सुरक्षित भंडारण हो, बोरे के नीचे पटरा/बल्लियाँ अवश्य लगाई जाएं।
-
किसानों के लिए पेयजल, प्रसाधन, प्रतीक्षालय/टेंट की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो।
-
धान का उठान समय पर कराया जाए।
-
MSP का भुगतान 48 घंटे के भीतर किसानों को हर हाल में मिले।
-
धान खरीद में दलालों या बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं होनी चाहिए।
-
केंद्र प्रभारियों को किसानों से व्यक्तिगत संपर्क कर खरीद कार्य में प्रगति लाने के निर्देश।
-
किसान पंजीकरण और तहसील सत्यापन समय से पूरा कराया जाए।
मंडलायुक्त ने कड़े शब्दों में कहा कि बिचौलियों की सूचना मिलने पर केंद्र प्रभारी व संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ध्यान देने योग्य आंकड़े
विन्ध्याचल मंडल में किसानों के धान क्रय हेतु 217 क्रय केंद्र संचालित हैं—
| जनपद | क्रय केंद्र संख्या |
|---|---|
| मीरजापुर | 111 |
| सोनभद्र | 76 |
| भदोही | 30 |
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान का समर्थन मूल्य ₹2369/- प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है।