मीरजापुर, विन्ध्याचल मंडल के मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंडल के तीनों जनपदों — मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही — के उद्यमियों की समस्याओं को सुना गया और उनके समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
🔹 औद्योगिक क्षेत्रों की सड़कें होंगी चौड़ी
वीएस रोड लोहरा नहर से वीयर निर्माण इकाई तक सड़क चौड़ीकरण पर चर्चा करते हुए अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सोनभद्र ने बताया कि इस मार्ग को वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है और संशोधित आगणन तैयार किया जा रहा है। मंडलायुक्त ने इस दिशा में कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
🔹 हनुमान पड़रा को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना
हनुमान पड़रा को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि महानगर योजना 2031 में चिन्हित क्षेत्रों का निरीक्षण कर उपयुक्त क्षेत्र को औद्योगिक विकास हेतु चिह्नित किया जाए।
🔹 पेयजल कनेक्शन पर फैक्ट्री को निर्देश
मातृ श्री टेक्नो इंडस्ट्री, धौहा चुनार, मीरजापुर द्वारा स्टाफ क्वार्टर के लिए पेयजल कनेक्शन की मांग पर जलनिगम ने बताया कि फैक्ट्री से पाइपलाइन की दूरी 300 मीटर है, जबकि अनुमति केवल 100 मीटर तक की है। इस स्थिति में मंडलायुक्त ने फैक्ट्री प्रतिनिधि को स्वयं के संसाधनों से जल प्रबंध करने का सुझाव दिया।
🔹 कारपेट उद्योग के लिए मंत्रालय बदलने का प्रस्ताव
श्री आशीष बुधिया द्वारा कारपेट उद्योग को वित्त मंत्रालय से वस्त्र मंत्रालय में स्थानांतरित कराने का सुझाव दिया गया। संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि यह विषय केंद्रीय नीति के अधीन है और इसे राज्य स्तरीय उद्योग बंधु बैठक में भेजा जाएगा। साथ ही डीजीएफटी को इस संबंध में पत्र भेजने के निर्देश भी दिए गए।
🔹 निवेश मित्र पोर्टल पर ससमय निस्तारण
मंडलायुक्त ने मंडल के सभी अधिकारियों को निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
🔹 एमवाईएसवाई योजना में सोनभद्र की प्रगति
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (MYSY) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सोनभद्र में लक्ष्य की पूर्ति की जा चुकी है, जबकि ओडीओपी (ODOP) योजना में तीनों जनपदों की प्रगति 100% से अधिक रही और उन्हें ग्रेड A+ प्राप्त हुआ।
🔹 सीएम युवा उद्यमी योजना में बैंक सहयोग की कमी
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की धीमी प्रगति पर चिंता जताई गई। कारण के रूप में बैंकों से अपेक्षित सहयोग न मिलना बताया गया। मंडलायुक्त ने इसके समाधान के लिए बैंकों की विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।