रिपोर्ट: मुदस्सिर हुसैन, IBN NEWS
अयोध्या (मवई): क्षेत्र में झुलसाती गर्मी के बीच मवई ब्लॉक परिसर में प्यास से जूझ रहे लोगों की स्थिति दयनीय हो चुकी है। सार्वजनिक उपयोग के लिए परिसर में स्थापित आरओ फ्रीजर मशीन पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है, जिससे शुद्ध पेयजल की सुविधा पूरी तरह ठप हो गई है।
🔹 पानी की किल्लत, आमजन परेशान
ब्लॉक कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में आने वाले कर्मचारी, वादकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य आमजन शुद्ध जल के लिए भटक रहे हैं। परिसर में लगे हैंडपंप से निकलने वाला पानी भी दूषित है, जिससे लोग मजबूरी में बोतलबंद पानी पर निर्भर हो गए हैं।
🔹 लाखों की मशीन बनी शोपीस
गौरतलब है कि लोगों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी बजट से हजारों रुपये की लागत से आरओ फ्रीजर मशीन लगाई गई थी। लेकिन देखरेख के अभाव और प्रशासनिक उदासीनता के चलते मशीन लंबे समय से बंद पड़ी है। क्षेत्रवासियों द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
🔹 बीडीओ ने दिया आश्वासन, लेकिन कार्यवाही शून्य
इस गंभीर समस्या को लेकर जब IBN24x7NEWS संवाददाता ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) भावना यादव से बात की, तो उन्होंने मशीन की मरम्मत का आश्वासन दिया। लेकिन कई सप्ताह बीत जाने के बावजूद न तो मरम्मत कराई गई और न ही किसी वैकल्पिक जल स्रोत की व्यवस्था की गई।
🔹 प्रशासनिक लापरवाही पर उठते सवाल
इस लापरवाही को लेकर क्षेत्रीय लोगों में रोष है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन अगर समय रहते ध्यान देता, तो इस विकट गर्मी में उन्हें पीने के पानी के लिए इतना संघर्ष नहीं करना पड़ता।
स्थानीय निवासी हामिद अली का कहना है, “हर दिन पानी की तलाश में यहां-वहां भटकना पड़ता है, अधिकारी शिकायत सुनते हैं पर करते कुछ नहीं।”
🔹 तत्काल समाधान की दरकार
जनहित से जुड़ी इस समस्या को हल्के में लेना प्रशासन की गंभीर चूक मानी जा रही है। यदि जल्द ही आरओ मशीन की मरम्मत नहीं कराई गई और वैकल्पिक पानी की व्यवस्था नहीं हुई, तो यह स्थिति स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है।