फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: जिला फरीदाबाद पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए महिला और उसके मंगेतर को गिरफ्तार किया है। मामला एक बीमा एजेंट की हत्या कर शव को नाले में फेंकने से जुड़ा है। यह गिरफ्तारी क्राइम ब्रांच डीएलएफ टीम द्वारा की गई है।
एत्मादपुर पुल के पास मिला शव
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 26 अक्टूबर की सुबह थाना पल्ला में सूचना प्राप्त हुई कि एत्मादपुर पुल के पास श्मशान घाट के निकट नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसके सिर में चोट के निशान और गले पर रस्सी के निशान दिखाई दे रहे थे।
पास ही एक मोटरसाइकिल भी मिली, जिससे मृतक की पहचान चंदर निवासी ईस्ट विनोद नगर, कल्याणपुरी, दिल्ली के रूप में हुई।
मृतक के भाई मदन गोपाल की शिकायत पर थाना पल्ला में हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने सुलझाया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर दो आरोपियों —
1️⃣ लक्ष्मी (29 वर्ष) निवासी मीठापुर, दिल्ली
2️⃣ केशव (26 वर्ष) निवासी संतोष नगर, बुराड़ी, दिल्ली
को गिरफ्तार किया गया।
ब्लैकमेलिंग बना हत्या का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक चंदर और महिला लक्ष्मी के बीच पिछले 4-5 वर्षों से जान-पहचान थी।
महिला की सगाई अब केशव से तय हो चुकी थी, लेकिन चंदर लगातार महिला को शादी न करने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था।
इसी बात से परेशान होकर लक्ष्मी और केशव ने चंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
हत्या की साजिश और क्रूर अंजाम
25 अक्टूबर को लक्ष्मी ने योजना के तहत चंदर को मीठापुर बुलाया और उसे अपने साथ मोटरसाइकिल पर एत्मादपुर की ओर एक सुनसान जगह ले गई।
वहां पहले से मौजूद केशव और उसके दो दोस्त मौके पर थे। उन्होंने रस्सी से गला दबाकर और सिर पर वार कर चंदर की हत्या कर दी।
इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने किया खुलासा, आरोपियों को भेजा जाएगा न्यायालय
पुलिस ने बताया कि दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अन्य दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।