फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: नगर निगम फरीदाबाद ने शहरवासियों को गड्ढेमुक्त सड़कों का तोहफा देने के लिए एक नई और अभिनव पहल की है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशन में “पौठहोल रिपेयर एंड मेंटेनेंस वेन (Pothole Repair and Maintenance Van)” सेवा की शुरुआत की गई है, जो सड़कों पर बने गड्ढों को तुरंत भरने का काम करेगी।
शिकायत पर तुरंत पहुंचेगी रिपेयर वेन
नगर निगम द्वारा शुरू की गई ये दो विशेष रिपेयर एंड मेंटेनेंस वेन किसी भी स्थान से शिकायत मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचेंगी और सड़कों के गड्ढों को दुरुस्त करेंगी।
इन वेन के साथ रोलर मशीन, कटर, और रेडीमेड सेल मेक बैग की व्यवस्था की गई है, जिससे मौके पर ही मरम्मत का कार्य पूरा किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहर की सड़कों में आएगा सुधार
आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि यह सेवा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों पर शुरू की गई है। इससे शहर की सड़कों की स्थिति में तेज़ी से सुधार होगा और लोगों को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन शहरवासियों की सुविधा के लिए हरसंभव कदम उठा रहा है ताकि फरीदाबाद को गड्ढामुक्त शहर बनाया जा सके।
व्हाट्सएप नंबर जारी – अब सीधे दें सूचना
निगम ने नागरिकों के लिए एक व्हाट्सएप नंबर 9871699494 जारी किया है।
कोई भी नागरिक सड़क पर गड्ढा या खराबी देखने पर अपनी शिकायत, नाम, लोकेशन और फोटो इस नंबर पर भेज सकता है।
निगम की टीम तुरंत उस स्थान पर पहुंचकर मरम्मत का कार्य करेगी।
इंजीनियरों की टीम रखेगी निगरानी
इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान के सुपरविजन में की जाएगी। निगम प्रशासन ने कहा है कि यह सेवा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाएगी।
निगम प्रशासन का लक्ष्य – सुरक्षित और सुगम फरीदाबाद
निगम कमिश्नर ने कहा कि आने वाले समय में फरीदाबाद की सभी प्रमुख सड़कों को मरम्मत कर शहर को गड्ढामुक्त बनाया जाएगा। इससे यातायात सुचारु होगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस सेवा का उपयोग करके प्रशासन को बेहतर शहर बनाने में सहयोग दें।