देवरिया उप्र लेखपाल संघ के आंदोलन पर नकेल कसते हुए जिला प्रशासन ने जिले में तैनात 324 नए लेखपालों को सेवा बर्खास्तगी की नोटिस भेजी है। गुरुवार को जारी इस नोटिस में कहा गया है कि यदि वे शुक्रवार से काम पर नहीं लौटे तो उनकी सेवा बर्खास्तगी की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा बस्ता नहीं जमा करने वाले लेखपालों पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
सभी नए लेखपालों को संबंधित तहसील के एसडीएम की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि प्रशिक्षण प्राप्त कर अभी आप लोगों ने परीक्षा दिया है। जिसका परिणाम आना बाकी है। इसके बावजूद सरकारी कार्यो में रूचि न लेकर हड़ताल में शामिल होकर असहयोग किया जा रहा है। इससे सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में तत्काल तहसील मुख्यालय पर उपस्थित होकर अपने कार्यो का निर्वहन करें अन्यथा सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
देवरिया सदर तहसील क्षेत्र में कार्यरत 100, बरहज के 53, सलेमपुर के 80, भाटपाररानी के 38 और रुद्रपुर तहसील में कार्यरत 53 लेखपालों को नोटिस भेजी गई है। इसके अलावा सभी पुराने लेखपालों को जल्द से जल्द बस्ता जमा करने की चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से 3 जुलाई को जारी अधिसूचना के तहत छह माह के लिए लेखपालों की हड़ताल निषिद्ध है। इसके बावजूद लेखपालों के द्वारा नियम विरूद्ध हड़ताल की जा रही है।
उसी क्रम में नवनियुक्त लेखपालों को सभी नियुक्ति प्राधिकारियों की तरफ से नोटिस जारी कर काम पर लौटने को कहा गया है। उनकी सेवाएं अभी अस्थायी हैं यदि शुक्रवार को नए लेखपाल काम पर नहीं लौटे तो उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी जाएंगी। इसके अलावा बस्ता नहीं जमा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई होगी।
Check Also
सोनवर्षा पुल के पास आस्था इंटरप्राइजेज मोबाइल शोरूम का भव्य उद्घाटन
पूर्व राज्यसभा सांसद रामसकल ने फीता काटकर किया शुभारंभ, अतिथियों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र भेंटकर …