बीकापुर (अयोध्या): हैदरगंज थाना क्षेत्र के कोरोराघोपुर गांव में क्रिकेट खेलते समय गंभीर रूप से घायल हुए 13 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान शुक्रवार रात मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान शनि पुत्र रामनयन के रूप में हुई है, जो कक्षा 8वीं में पढ़ता था।
6 दिन तक चला इलाज, लेकिन नहीं बच सकी जान
घटना रविवार को तब हुई जब शनि अपने घर के पूरब 200 मीटर दूर खाली खेत में क्रिकेट खेल रहा था। खेल के दौरान गांव निवासी रोहित यादव द्वारा फेंकी गई गेंद शनि के सिर की कनपटी पर जा लगी, जिससे वह वहीं गिरकर अचेत हो गया। पास में खेल रहे बच्चे मौके से भाग निकले।
परिजन तत्काल मेडिकल कॉलेज, दर्शन नगर लेकर पहुंचे, जहां शनि को भर्ती कराया गया। लगातार छह दिन तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई। शव के साथ जब परिजन शनिवार सुबह गांव पहुंचे, तो परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच जारी
हैदरगंज थाना अध्यक्ष विवेक कुमार राय ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही रोहित यादव के खिलाफ तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश, खेल सुरक्षा पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्रीय नागरिकों में भी खेल सुरक्षा को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को खेलते समय किसी बड़े की निगरानी आवश्यक है, जिससे भविष्य में ऐसे हादसे टाले जा सकें।