फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की चपेट में आए गांवों में प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पृथला विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता पं. टेकचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार राहत शिविरों का दौरा किया और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया।
राहत शिविरों का निरीक्षण
पूर्व विधायक शर्मा ने मेडिकल कैंपों में जाकर डॉक्टरों से बातचीत की और बीमारियों से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ितों के रखरखाव और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
भाजपा सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ
इस मौके पर उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार पूरी तरह से बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। चाहे किसानों की फसलें नष्ट हुई हों या मकान क्षतिग्रस्त, सरकार उनके नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि “यह संकट का समय है, जो जल्द ही बीत जाएगा। सभी को धैर्य रखने की जरूरत है। सरकार उनके साथ खड़ी है और हर संभव सहायता उपलब्ध करवा रही है।”
बाधित सड़क और राहत कार्य
यमुना के तेज बहाव के चलते मोहना-बागपुर सड़क मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। इस पर शर्मा ने मौके से ही उपमंडल अधिकारी मयंक भारद्वाज को एनडीआरएफ टीम द्वारा मोटरबोट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही नायब तहसीलदार को समय-समय की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने के आदेश भी दिए।
स्थायी समाधान की मांग
उन्होंने यह भी कहा कि हर साल खादर क्षेत्र के लोग इस संकट से गुजरते हैं, इसलिए उन्हें सुरक्षित क्षेत्र में प्लॉट उपलब्ध कराने की मांग भी सरकार से की जाएगी। साथ ही पंचायत झुग्गी और यमुना पार के अन्य गांवों के जनप्रतिनिधियों से फोन पर बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री तक पहुंचेगी रिपोर्ट
पूर्व विधायक शर्मा ने बताया कि पूरे दिन के क्षेत्रीय दौरे की रिपोर्ट मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दी जाएगी और उनसे अनुरोध किया जाएगा कि राहत और बचाव कार्य को और अधिक प्रभावी तरीके से चलाया जाए।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस अवसर पर उनके साथ डॉ. तेजपाल शर्मा, सुरेंद्र तंवर, वरिष्ठ भाजपा नेता किशन ठाकुर, युद्धवीर सिंह, मंडी प्रधान हरिओम शर्मा, भाजपा नेता प्रमोद कौशिक, राजेश सरपंच, मोहन कौशिक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।