Breaking News

बिहार – उपेंद्र की ‘खीर’ ने बिहार में बढ़ाई बेचैनी, तेजस्वी बोले- महागठबंधन में स्वागत

Ibn24x7news विजय कुमार शर्मा
उपेंद्र कुशवाहा ने इशारों-इशारों में कहा कि ‘यदुवंशी (यादव) का दूध और कुशवंशी (कुशवाहा समुदाय) का चावल मिल जाए तो खीर बढ़िया होगी. उस स्वादिष्ट व्यंजन को बनने से कोई रोक नहीं सकता है. उनके इस बयान को राजद प्रमुख लालू यादव से जोड़कर देखा जा रहा है.
पटना। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के महागठबंधन में शामिल होने के संकेत पर आरजेडी ने खुशी जाहिर की है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए उनके बयान का स्वागत किया है. तेजस्वी ने कहा है कि निसंदेह स्वादिष्ट और पौष्टिक खीर श्रमशील लोगों की जरूरत है.
तेजस्वी ने आगे लिखा कि पंचमेवा के स्वास्थ्यवर्धक गुण न केवल शरीर बल्कि स्वस्थ समतामूलक समाज के निर्माण में भी ऊर्जा देते हैं. तेजस्वी ने कहा कि प्रेम भाव से बनाई गई खीर में पौष्टिकता, स्वाद और ऊर्जा की भरपूर मात्रा होती है और यह एक अच्छा व्यंजन है.
तेजस्वी यादव ने साफ तौर पर उपेंद्र कुशवाहा का समर्थन करते हुए स्पष्ट शब्दों में संकेत दिए कि उनका महागठबंधन में स्वागत है. अब ऐसे में सवाल उठता है कि उपेंद्र कुशवाहा कब यह फैसला करते हैं कि उन्हें NDA से संबंध तोड़कर महागठबंधन में शामिल होना है.
वहीं महागठबंधन में शामिल होने को लेकर उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर जेडीयू ने तंज कसते हुए कहा है कि अगर उपेंद्र कुशवाहा दूध और चावल मिलाकर खीर बनाएंगे तो वह एक मीठा पदार्थ बनेगा जिससे शुगर की बीमारी हो सकती है. जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि ऐसे में जरूरी है कि मीठा ना खाकर नमकीन खाया जाए जिससे शरीर को कोई हानि नहीं पहुंचती. यानी इशारों ही इशारों में जेडीयू ने भी उपेंद्र कुशवाहा को NDA में बने रहने की सलाह दी है.
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा ने संकेत दिए कि 2019 लोकसभा चुनाव में वह NDA का दामन को छोड़कर महागठबंधन के साथ जा सकते हैं. 2019 लोकसभा चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा का यह बयान बिहार की राजनीति में नए समीकरण बनने की ओर इशारा कर रहा है.
गौरतलब है कि उपेंद्र कुशवाहा पिछले कुछ वक्त से इस बात को लेकर नाराज हैं कि एनडीए में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू का आगमन हो गया है जिससे उनका कद इस गठबंधन में कम हो गया है. शनिवार को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी द्वारा पटना में आयोजित बीपी मंडल की जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने इशारों-इशारों में कह दिया कि यदि यादवों का दूध और कुशवाहा का चावल मिल जाए तो एक बढ़िया खीर बन सकती है.
कुशवाहा ने इशारों में कह दिया कि अगर आरजेडी और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी एक हो जाती है तो 2019 के लोकसभा चुनाव में वह बीजेपी, जेडीयू और लोजपा गठबंधन को हरा सकते हैं.

About IBN NEWS

At IBN24x7NEWS, we are dedicated to delivering accurate, unbiased, and timely news to our readers. Our goal is to provide fact-based journalism that keeps you informed about the latest developments across India and beyond.

Check Also

WhatsApp Image 2022 02 15 at 7.32.51 AM

पुलवामा हमले में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि दी गई

  टेकनारायण यादव IBN NEWS की रिपोर्ट जमुई चकाई।पुलवामा हमले में शहीद वीर जवानों के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *