फरीदाबाद से बी.आर.मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद:विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित नवरात्रि संस्कार महोत्सव के सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शारदा राठौर,पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता सहित शिक्षा,उद्योग,सामाजिक संस्थाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने विद्यालय की इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों में संस्कार,सामाजिक चेतना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान विकसित करने का सराहनीय प्रयास बताया।
पूर्व विधायक शारदा राठौर ने कहा कि विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल द्वारा बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कारों से जोड़ने के लिए किया जा रहा यह आयोजन प्रशंसनीय है।
जब बच्चे प्रतिदिन माता की पूजा-अर्चना में शामिल होते हैं और समाज के प्रतिष्ठित लोगों से मिलते हैं,तो उनके व्यक्तित्व पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे अनुभव बच्चों के मन में जीवनभर के लिए विशेष यादें बन जाते हैं और उन्हें अपनी संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।
पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में प्रतिदिन लगभग 100 बच्चों की सहभागिता के साथ आयोजित हो रही पूजा-अर्चना बच्चों को भारतीय परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है।
इस तरह के आयोजन बच्चों को अच्छे संस्कार देने के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों से प्रेरणा लेने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
विद्यालय के चेयरमैन धर्मपाल यादव ने बताया कि 11 अक्टूबर से शुरू हुआ नवरात्रि संस्कार महोत्सव 19 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे पूजा-अर्चना,दो आरतियों,वक्ताओं के विचारों और अखंड ज्योत के साथ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
दो कक्षाओं के लगभग 100 बच्चे बारी-बारी से इसमें शामिल होते हैं,जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होती और उन्हें संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि समाज के गणमान्य लोगों की उपस्थिति बच्चों को प्रेरित करती है। विद्यालय का समस्त स्टाफ और मैनेजमेंट इस आयोजन को सफल बनाने में पूरी निष्ठा से जुटा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से एच.एस.मलिक,ऋषिपाल चौहान,चंद्र सैन शर्मा (प्रेसिडेंट,बल्लभगढ़ प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन),सतवीर डागर,सतेंद्र भड़ाना,संगीता भाटी,एच.एल.भूटानी,वीर भान शर्मा (प्रेसिडेंट,फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन),लखन बेनीवाल,डॉ.मान सिंह (डिप्टी सीएमओ),प्रेम खट्टर,कैप्टन डीपी यादव और मनोज रूंगटा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।