IBN NEWS बलिया।
बलिया जिले के कलेक्ट्रेट कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए।
👉 शिकायतों पर हुई तत्काल कार्यवाही
जनता दर्शन के दौरान तहसील सिकन्दरपुर के दो ग्रामों में खतौनी अपडेशन न होने की शिकायत सामने आई। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी सिकन्दरपुर को संबंधित ग्रामों में खतौनी को शीघ्र अपडेट कराने के आदेश दिए।
एक अन्य शिकायत में दीपक कनौजिया ने बताया कि चकरोड़ की पैमाइश हो चुकी है, लेकिन अभी तक मिट्टी नहीं डाली गई है। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी सीयर को चकरोड़ पर शीघ्र मिट्टी डलवाने के निर्देश दिए।
👉 सरकारी भूमि कब्जा मामले में सख्ती
कार्यक्रम में ग्राम पीपरकला की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत भी प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने तत्काल उप जिलाधिकारी सदर को निर्देश दिया कि नायब तहसीलदार को मौके पर भेजकर भूमि का चिन्हांकन कर कब्जा मुक्त कराया जाए। साथ ही उन्होंने खंड विकास अधिकारी गड़वार को निर्देशित किया कि उस भूमि पर पौधारोपण कराया जाए, ताकि भविष्य में उस पर फिर से कब्जा न हो सके।
👉 जूम माध्यम से जुड़े अधिकारी
जनता दर्शन के दौरान जिन अधिकारियों की भौतिक रूप से उपस्थित नहीं थी, वे Zoom माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी को स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ईमानदारी, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।