IBN NEWS ब्यूरो – बलिया
जनपद बलिया के बांसडीह तहसील में शुक्रवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जनशिकायतें सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
🧾 201 शिकायतें, 14 का मौके पर हुआ निस्तारण
इस समाधान दिवस में कुल 201 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
⚖️ कानूनगो व लेखपाल पर होगी कार्यवाही
शिकायतकर्ता सुरेन्द्र वर्मा निवासी सरवार ककरघटी ने बताया कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद वरासत की कार्यवाही नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए वर्तमान एवं पूर्व लेखपाल तथा संबंधित कानूनगो के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए।
🔌 राशन कार्ड, बिजली व नलकूप विभाग पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में राशन कार्ड, बिजली विभाग, और नलकूप विभाग से संबंधित अधिक शिकायतें मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागों को प्राथमिकता पर समाधान करने के निर्देश दिए।
📋 बंदोबस्त अधिकारी का वेतन रोका
तहसील दिवस में अनुपस्थित रहने वाले बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने मौके पर ही जारी किया।
🌐 योजनाओं के लाभ हेतु ऑनलाइन आवेदन के निर्देश
राजस्व संबंधित शिकायतों के संदर्भ में डीएम ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजने, तथा सरकारी योजनाओं के लाभ हेतु ऑनलाइन आवेदन कराकर पात्रों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
👴 पेंशन न मिलने पर गहराई से होगी जांच
डीएम ने पेंशन न मिलने की शिकायतों पर समाज कल्याण अधिकारी व खंड विकास अधिकारियों से ऐसे सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
👥 प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
समाधान दिवस कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव वर्मन, प्रभागीय वनाधिकारी अपूर्व दीक्षित सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।