बलिया,
जनपद बलिया में सरयू नदी का जलस्तर 64.44 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के बिंदु (64.01 मीटर) से 43 सेमी ऊपर है। जलस्तर बढ़ने से ग्राम गोपालनगर को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया, क्योंकि यह गांव टाड़ी सुरेमनपुर तटबंध से लगभग 5 किमी की दूरी पर सरयू नदी के दायें किनारे के डूब क्षेत्र (Flood Plain Zone) में स्थित है।
सरयू नदी की धारा और डैम्पनर पर असर
ग्राम की सुरक्षा हेतु पहले से लगाए गए 5 डैम्पनर नदी के किनारे पर बनाए गए थे। लेकिन सरयू नदी की धारा अपस्ट्रीम में लगभग 1.5 किमी लंबाई में लूप बनाते हुए कटान करने लगी। इस कारण नदी का प्रवाह डैम्पनर के पीछे से गुजरने लगा और वे पानी में डूब गए।
अब नदी की धारा डैम्पनर के बीच में बैकरोल कर रही है, जिससे जमीनी कटान तेजी से बढ़ा है।
युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग कार्य
कटान को रोकने के लिए प्रशासन ने सीमेंट की खाली बोरियों में ब्रिकरोड़ा भरकर बांस क्रेट (Bamboo Crate) में डालने, जियोबैग में लोकल मिट्टी भरकर गैवियन में रखने का कार्य शुरू किया है।
स्थल पर प्रकाश व्यवस्था कर दी गई है और बाढ़ विभाग की टीम (सहायक अभियंता एवं जूनियर इंजीनियर) मौके पर मौजूद रहकर युद्धस्तर पर बचाव कार्य कर रही है।
बाढ़ विभाग की सतत निगरानी
बाढ़ खंड बलिया के अधिशासी अभियंता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और नदी के कटान को रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।