महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ स्पोर्ट्स फेलोशिप को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह
रिपोर्ट ब्यूरो
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, ओलंपिक खिलाड़ियों की नर्सरी को तैयार करने के लिए पहली बार 100 खिलाड़ियों को महायोगी श्री गुरू गोरक्षनाथ फैलोशिप देने का निर्णय लिया गया है।विश्वविद्यालय की पहल को खिलाड़ियों का जबरदस्त रिस्पांस मिला है। यही वजह है कि फेलोशिप के लिए अब तक देश-विदेश से कुल 230 खिलाड़ियों ने 14 खेलों के लिए पंजीकरण कराया है। सर्वाधिक 43 आवेदन क्रिकेट तो बैडमिंटन के लिए 26 आवेदन आए हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की संख्या 10 है। सितंबर के पहले या दूसरे सप्ताह तक चयन प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
कुलपति प्रो राजेश सिंह ने बताया कि फेलोशिप के अंतर्गत रोलिंग प्रक्रिया से दाखिला लिया जाएगा। यानी आवेदन की कोई आखिरी तिथि नहीं होगी। अगर कोई खिलाड़ी अभी तक आवेदन नहीं कर सका है तो सीधे ट्रायल के दिन ऑन द स्पॉट भी रजिस्ट्रेशन करा सकेगा। फेलोशिप के अंतर्गत खिलाड़ियों के रहने, भोजन, निशुल्क प्रशिक्षण के साथ ट्यूशन फीस के खर्च का वहन भी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किया जाएगा। सत्र 2021-22 की स्नातक प्रवेश परीक्षा से खिलाड़ियों को छूट दी जाएगी। उनकी शारीरिक योग्यता, खेल कौशल और पूर्व खेल उपलब्धियों के आधार पर मेरिट बनाई जाएगी। चयन के लिए विशेषज्ञों का एक पैनल तैयार किया जाएगा, उनकी संस्तुति के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया को सुनिश्चित किया जाएगा।