Ibn news Team DEORIA
रिपोर्ट सुभाष यादव

सलेमपुर, देवरिया। न्यायालय के स्थायी निषेधाज्ञा आदेश के बावजूद भूमि पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। साहोपार निवासी अमिताभ शर्मा एवं उनके परिवार ने थाना भटनी में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, विवादित भूमि से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद गजाधर, अजय खरवार, सतीश खरवार, विकास खरवार, फुली खरवार, राधा खरवार, काशी खरवार तथा उनके परिवार के अन्य सदस्य कथित रूप से लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ मारपीट की गई, जिसमें महिलाओं सहित कई लोगों को चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जान बचाने के लिए उन्हें मौके से भागना पड़ा।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2007 में अपर सिविल जज (जू.डि.), देवरिया द्वारा पारित स्थायी निषेधाज्ञा आदेश के तहत प्रतिवादियों को उक्त भूमि पर हस्तक्षेप करने तथा वादी पक्ष द्वारा लगाए गए वृक्षों को नुकसान पहुंचाने से स्थायी रूप से रोका गया था। इसके बावजूद न्यायालय के आदेश की अवहेलना करते हुए कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसी भूमि से संबंधित एक राजस्व वाद उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 30/305 के अंतर्गत अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), देवरिया के न्यायालय में भी विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 18 मार्च 2026 को निर्धारित है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस का पक्ष: पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।