मीरजापुर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने आज नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख गंगा घाटों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना चील्ह क्षेत्रान्तर्गत भोगाँव घाट तथा थाना कोतवाली शहर क्षेत्रान्तर्गत फतहाँ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, जल स्तर, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरा, पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था और पुलिस ड्यूटी प्वाइंट की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि कार्तिक माह का यह प्रमुख स्नान पर्व धार्मिक आस्था, श्रद्धा और सद्भाव का प्रतीक है, ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
पर्व के दौरान भीड़ को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की गई है। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिकोण से महिला पुलिस एवं एंटी-रोमियो स्क्वॉड की तैनाती भी की गई है। इनमें से कई टीमें साधारण वस्त्रों में भी तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
जनता से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह घाटों पर बनाए गए सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।