अयोध्या ब्यूरो: कामता शर्मा
अयोध्या। शहर में पुलिस ने एक बड़े देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में एक निजी अतिथि गृह के मालिक गणेश अग्रवाल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से 11 लड़कियों को भी पुलिस ने बरामद किया।
छापेमारी के दौरान मची अफरा-तफरी
पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर अतिथि गृह पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई। कमरों में मौजूद लड़कियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाहर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और सभी को थाने ले जाया गया।
बिहार और गोरखपुर से लाई गईं लड़कियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अतिथि गृह संचालक गणेश अग्रवाल ने इन लड़कियों को बिहार और गोरखपुर से लाकर देह व्यापार में धकेला था। पुलिस ने मौके से मिले सबूतों के आधार पर प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रवाल और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में खौफ
पुलिस का कहना है कि अयोध्या में इस तरह के गिरोह पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि समाज को गंदगी फैलाने वालों को रोका जा सके। यह कार्रवाई जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
आगे की जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार लड़कियों के परिजनों को सूचना दी जा रही है और पीड़िताओं के पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।