Ibn news Team DEORIA
रिपोर्ट दिनेश भटनी

भटनी (देवरिया)। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बरई टोला घाटी में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब 5 बजे विद्यालय परिसर में खड़े वर्षों पुराने छितवन के पेड़ की भारी-भरकम डाली अचानक छत पर गिर गई, जिससे भवन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गया।
गनीमत रही कि घटना के समय विद्यालय बंद था और कोई छात्र मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। डाली गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बताया जाता है कि विद्यालय परिसर में लगा छितवन का पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। इसके बावजूद समय रहते इसे हटाया नहीं गया, जिससे यह घटना हुई।
घटना के बाद जब विद्यालय खुला तो छात्र-छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर बैठाकर पठन-पाठन शुरू कराया गया। हालांकि भीषण गर्मी के कारण बच्चों को पढ़ाई में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस संबंध में प्रधानाध्यापक राजेश प्रसाद ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और विद्यालय में पढ़ाई जारी है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी राम प्यारे राम ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिल गई है। जनगणना ड्यूटी के कारण वे मौके पर नहीं पहुंच सके हैं, लेकिन निरीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।