Ibn news Team DEORIA
रिपोर्ट सुभाष यादव

खुखुंदू, देवरिया। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को खुखुंदू क्षेत्र के बाजारों एवं ग्रामीण इलाकों में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों, विद्यालयों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में लोगों ने तिरंगे को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और तरक्की का संकल्प लिया। पूरा क्षेत्र भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।
खुखुंदू थाना परिसर में थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता एवं संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इसी क्रम में शिवाजी इंटर कॉलेज खुखुंदू, काकंद महाविद्यालय खुखुंदू, साधन सहकारी समिति खुखुंदू, पंचायत भवन खुखुंदू सहित विभिन्न संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। साधन सहकारी समिति खुखुंदू में अरविंद सिंह ने ध्वजारोहण किया, जबकि पंचायत भवन में ग्राम प्रधान संगीता देवी ने तिरंगा फहराया।
यूपी पब्लिक स्कूल खुखुंदू में प्रबंधक सुरेंद्र सिंह तथा स्वामी विवेकानंद मॉडर्न पब्लिक स्कूल खुखुंदू में प्रबंधक मदन यादव की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
वहीं बसपा कार्यालय खुखुंदू में जिला पंचायत सदस्य संदेश यादव ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की प्रगति एवं सामाजिक समरसता का संकल्प लिया।
आरएलबी विद्यालय में पूर्व विधायक गजाला लारी ने किया छात्र-छात्राओं को सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आरएलबी विद्यालय खुखुंदू, देवरिया में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामपुर कारखाना की पूर्व विधायक माननीया गजाला लारी तथा विशिष्ट अतिथि समाजसेवी शेख आदम अली (जैतपुरा) उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि गजाला लारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व, देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं मिठाई वितरित की गई। विद्यालय परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने भारत माता के जयकारे और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।