Breaking News

शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट लॉन्च मानवता के लिए गांधीजी के संदेशों का प्रसार जरूरी- मुख्यमंत्री

2 11
वेबसाइट से आमजन को उपलब्ध होगा गांधीजी से संबंधित साहित्य
वीसी के माध्यम से सीएम ने किया अजमेर के गांधी स्मृति उद्यान का लोकार्पण
भीलवाड़ा में गांधीजी की प्रतिमा का भी किया अनावरण
जयपुर/अजमेर, 23 फरवरी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने कहा कि हिंसा और तनाव के इस दौर में गांधीजी के मूल्यों एवं सिद्धांतों पर चलकर ही शांति की स्थापना संभव है। उन्हाेंने कहा कि मानवता के लिए गांधीजी के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। युवा पीढ़ी को गांधीजी के विचारों से जुड़ना चाहिए। गांधीजी की जीवनी सत्य के प्रयोग का अध्ययन युवा पीढ़ी को अवश्य करना चाहिए।
श्री गहलोत गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास पर शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट लॉन्च समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अजमेर के गांधी स्मृति उद्यान का लोकार्पण तथा भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में गांधीजी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने चितौड़गढ़ में चल रहे गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में भी वीसी के माध्यम से भाग लिया।

पूरे विश्व में गांधी दर्शन का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी दर्शन का विश्व स्तर पर सम्मान है। नेल्सन मंडेला एवं मार्टिन लूथर किंग जैसे महान नेताओं ने गांधीजी से प्रेरणा प्राप्त कर वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। आज अमेरिका जैसे देश में महात्मा गांधी की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। जर्मनी के शिक्षा पाठ्यक्रम में गांधीजी के बारे में पढ़ाया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में गांधीजी के जन्मदिवस को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र को भेजा जिसका सभी देशों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसिद्ध वैज्ञानिक आइंस्टीन ने गांधीजी के बारे में कहा था कि आने वाली पीढियों को विश्वास नहीं होगा कि ऎसा कोई मानव कभी धरती पर आया था। गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, सर्वधर्म समभाव के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि शांति एवं अहिंसा विभाग तथा महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंस (एमजीआईजीएसएस) के संयुक्त तत्वाधान में संभाग से लेकर जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गांधी दर्शन से जुड़े प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। श्री गहलोत ने कहा कि अजमेर में गांधी स्मृति उद्यान को उत्कृष्ट रूप में तैयार किया गया है। इससे आमजन को गांधीजी के विचारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

वेबसाइट से आमजन को सुगमता से मिल सकेगी गांधीजी से जुड़ी जानकारियां
बैठक में बताया गया कि राज्य में महात्मा गांधी के दर्शन के प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक सद्भावना की स्थापना के उद्देश्य से शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट तैयार की गई है। वेबसाइट पर आमजन के लिए महात्मा गांधी की जीवन यात्रा, उनके संदेशों, दर्शन एवं आदर्शों को सीखकर अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई गई हैं। वेबसाइट से विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी मिल सकेंगी।

शांति और अहिंसा विभाग स्थापित करने वाला राजस्थान एकमात्र राज्य
श्री गहलोत ने कहा कि गांधी जी के सिद्धांतों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शांति एंव अहिंसा विभाग स्थापित किया गया है। ऎसा करने वाला राजस्थान एकमात्र राज्य है। उन्होंने कहा कि विभाग के माध्यम से गांधीजी की सोच युवाओं तक पहुंच रही है। देश के जाने-माने गांधीवादी विचारक विभाग के कार्यक्रमों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में 25 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में 2500 महात्मा गांधी पुस्तकालय एवं संविधान केन्द्र स्थापित करने की घोषणा की गई है। आमजन को राहत देने के लिए महात्मा गांधी के नाम से मिनिमम गारंटी इनकम योजना शुरू की गई है।
नगरीय विकास मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शाें को आमजन तक पहुंचाने और समाज में सामाजिक सौहार्द्र स्थापित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर साम्राज्यवादी ताकतों से लड़ाई लड़ी। शांति और अहिंसा विभाग के माध्यम से युवा पीढ़ी को गांधीवादी विचारों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट से आमजन को गांधीजी के जीवन से जुड़ी विशिष्ट जानकारियां मिल सकेंगी। शांति और अहिंसा विभाग के निदेशक डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि राज्य के 15 जिलों में गांधी जीवन दर्शन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। जल्द ही इनका आयोजन सभी जिलों में किया जाएगा।
इस अवसर पर शांति एवं अहिंसा विभाग के शासन सचिव श्री नरेश कुमार ठकराल सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न गांधीवादी विचारक भी वीसी के माध्यम से समारोह से जुड़े।
लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर अजमेर से नगर निगम महापौर श्रीमती बृजलता हाडा, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती एवं सह संयाजक श्री शक्ति प्रताप सिंह, जिला कलक्टर श्री अंश दीप, नगर निगम के आयुक्त श्री सुशील कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री राजेन्द्र सिंह, अजमेर स्मार्ट सिटी के अधीक्षण अभियंता श्री पी.के. मौर्य, शिक्षक संघ के श्री उमेश शर्मा, महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के ब्लॉक संयोजक श्री हेमराज खारोलिया, श्री उमेश शर्मा, श्री मुनवर खान, श्री आरिफ खान, श्री विकास चौहान, श्री ललित डिडवानिया, श्री अशोक सुकरिया, चेतन पंवार, श्री जितेन्द्र चौधरी, श्री नरेश सोलीवाल, विजयलक्ष्मी पारीक, प्रदीप कच्छावा एवं धर्मेन्द्र टांक सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि जुड़े।
जिला कलक्टर श्री अंश दीप ने बताया कि स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित गांधी स्मृति उद्याान के निर्माण कार्य पर 6.87 करोड़ की लागत आई है। इसमें उद्यान का क्षेत्र 3891 वर्ग मीटर, भवन क्षेत्र 1122 वर्ग मीटर, ओपन एयर थियटर 600 वर्ग मीटर, पार्किंग 430 मीटर तथा वाटर बोडी 336 वर्ग मीटर में है। उद्यान में प्राकृतिक चट्टानों का उपयोग पर्यावरण हितैषी के रूप में किया गया है। उद्यान में गांधीजी की 15 फीट उंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है। बुरा मत सुनो, बुरा मत बोलो, बुरा मत देखो के संदेश को दर्शाते हुए 3 पाषाण बंदर लगाए गए है। खादी को बढ़ावा देने के लिए कांस्य चरखा स्थापित किया गया है। गांधीजी से जुड़ी मुख्य घटनाओं के लिए फायबर से निर्मित 3डी मुराल स्थापित की गई है। उद्यान में एक इन्टरपटेशन सेण्टर में एम्फीथियटर, लाईब्रेरी, डिस्पले प्रदर्शनी और कैफेटेरिया है। ऑपन एयर थियटर, गार्डन, पाथवे तथा वाटर बोडी का निर्माण किया गया है।

About IBN NEWS

At IBN24x7NEWS, we are dedicated to delivering accurate, unbiased, and timely news to our readers. Our goal is to provide fact-based journalism that keeps you informed about the latest developments across India and beyond.

Check Also

IMG 20260622 WA0020

थाना अहरौरा पुलिस द्वारा 6 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक शातिर अभियुक्त गिरफ्तार

मीरजापुर। अपर्णा रजत कौशिक पुलिस अधीक्षक जनपद मीरजापुर द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *