फरीदाबाद से बी.आर. मुराद की रिपोर्ट
फरीदाबाद: हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं विभाजन विभीषिका कार्यक्रम आयोजन समिति के प्रदेश संयोजक डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने कहा कि 1947 का विभाजन भारत के इतिहास की सबसे बड़ी त्रासदी है। यह कांग्रेस की साजिश और गंदी राजनीति का परिणाम था, जिसने देश को धर्म के आधार पर बांट दिया।
डॉ. मिड्डा भाजपा कार्यालय “अटल कमल” में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें अपने पूर्वजों को याद करने का अवसर दिया है। 14 अगस्त को फरीदाबाद में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि और भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
भव्य आयोजन की तैयारी
इस अवसर पर सभी जिलों से बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम में विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा। डॉ. मिड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2021 में लाल किले की प्राचीर से घोषणा की थी कि हर साल 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
कांग्रेस पर आरोप
मिड्डा ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि देश के विभाजन में 10 लाख से अधिक लोगों की जान गई और करोड़ों लोग बेघर हुए। लेकिन कांग्रेस और पूर्व की सरकारों ने इस त्रासदी को इतिहास के पन्नों से मिटाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि किसी भी किताब में विभाजन की असल त्रासदी का उल्लेख नहीं मिलता।
विभाजन की पीड़ा
उन्होंने कहा, “विभाजन के समय लोगों ने अपने परिवार खो दिए, अपनों का कत्ल होते देखा, और अपनी बहन-बेटियों की आबरू बचाने के लिए उन्हें खुद जहर पिलाना पड़ा।” यह दर्द आज भी देश के ज़हन में जिंदा है और कांग्रेस की गलती का हर्जाना देश अब तक चुका रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद नेता
प्रेस वार्ता में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, आयोजन समिति के सचिव जगदीश चौपड़ा, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, बीजेपी जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, फरीदाबाद महानगर ज़िला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलक्खा, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व विधायक दीपक मंगला, प्रवीण डागर, जिला महामंत्री प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, अनुराग गर्ग, जिला मीडिया प्रमुख विनोद गुप्ता और कार्यालय सचिव राज मदान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।